पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। अगमकुआं थाना क्षेत्र के एनएच-30 पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से नाराज लोगों ने सबसे पहले उस बस में आग लगा दी, जिससे युवक की मौत हुई थी। इसके बाद भीड़ ने कई अन्य वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस की तीन गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाने और आग लगाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के कारण एनएच-30 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
आगजनी की सूचना पर दमकल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां मौजूद उग्र भीड़ के कारण दमकलकर्मियों को वापस लौटना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पर पथराव किए जाने का भी दावा किया है।
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि इलाके में यातायात व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है और तेज रफ्तार बसों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारी ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस लोगों को शांत कराने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।





