
बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां युवक की हत्या के करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस उसके शव को बरामद नहीं कर सकी है। शव नहीं मिलने से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई और अब तक शव बरामद नहीं होने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामला वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात एक युवक की हत्या की घटना सामने आई थी। घटना के बाद से ही पुलिस युवक के शव की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद शव का कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजन लगातार अपने बेटे के शव की बरामदगी का इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच महुआ के पूर्व विधायक एवं राजद नेता डॉ. मुकेश रौशन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उनकी पीड़ा सुनी। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने अपनी परेशानी और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई के बारे में उन्हें अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान डॉ. मुकेश रौशन ने वीडियो कॉल के माध्यम से बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी पीड़ित परिवार की बातचीत कराई। वीडियो कॉल पर तेजस्वी यादव ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनकी बात सुनी।
इस मुलाकात के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। एक तरफ परिवार अपने परिजन के शव की बरामदगी के लिए परेशान है, तो दूसरी तरफ पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हत्या के 48 घंटे बाद भी पुलिस युवक का शव क्यों बरामद नहीं कर सकी है? परिजनों को अपने बेटे का शव कब तक मिलेगा और इस हत्याकांड का पूरा सच कब सामने आएगा? फिलहाल पूरे इलाके की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।





