**63 आपराधिक और उग्रवादी मामलों में था वांछित, हुसैनाबाद के जंगल से SLR राइफल समेत 290 जिंदा कारतूस बरामद**
**पलामू।** झारखंड और बिहार में आतंक का पर्याय बने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम जी को पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया है। उस पर झारखंड में 10 लाख और बिहार में 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित केमो-दुधिया जंगल से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि इनामी माओवादी ठाणे में छिपकर रह रहा है। इसके बाद मुंबई एटीए ने उसे हिरासत में लिया। सूचना के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए पलामू पुलिस की टीम महाराष्ट्र भेजी गई। पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। 7 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड लेकर पलामू लाया गया और 9 नवंबर को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसके बाद 10 नवंबर को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में पुलिस रिमांड के दौरान संजय यादव के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर हुसैनाबाद के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। यहां जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई एक 7.62 एमएम SLR राइफल, 140 जिंदा कारतूस, 150 .303 बोर के कारतूस, तीन खाली मैगजीन समेत अन्य हथियार संबंधी सामग्री बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार माओवादी के खिलाफ बिहार और झारखंड में कुल 63 मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया में 10 मामले शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई में छतरपुर और हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों समेत कई थाना प्रभारियों, झारखंड जगुआर और सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब माओवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।





