हाजीपुर शहर में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच वैशाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरोह के मुख्य आरोपी राजू कुमार यादव को कटिहार से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, नवंबर महीने में हाजीपुर के नगर थाना और सदर थाना क्षेत्रों में बाइक सवार अपराधी लगातार महिलाओं को निशाना बना रहे थे। बदमाश अचानक महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते थे। इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल था।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वैशाली एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध की पहचान हुई। जांच में पता चला कि आरोपी कटिहार से गिरोह संचालित करता था और अलग-अलग जिलों में जाकर चेन स्नैचिंग तथा छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था।
इसके बाद पुलिस टीम ने कटिहार जिले के नया टोला, जुलाबगंज में छापेमारी कर राजू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, हाजीपुर के जदुआ बाजार लालटेन चौक पर बाइक सवार दो अपराधियों ने दीपमाला कुमारी के गले से सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद चेन बरामद की गई।
वहीं, पूछताछ में गिरोह के दो अन्य सदस्यों की भी पहचान हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।





