
पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार की देर रात घर में घुसकर एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने युवक के सिर में गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और पिछले दो वर्षों से सिमरी गांव में एक किराए के मकान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। करीब 10 साल पहले उसका निकाह नेहा परवीन से हुआ था। उसके दो बेटे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे दो अपराधी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक इरफान की मौत हो चुकी थी। घटना के वक्त उसका बड़ा बेटा उसके साथ सोया हुआ था, जबकि पत्नी नेहा परवीन छोटे बेटे के साथ पास के अपने मायके गई हुई थी।
मृतक की पत्नी ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी उन पर हमला हुआ था। जब दोनों आरा से बाइक से लौट रहे थे, तब बिहटा के मौदही गांव के पास उन पर हवाई फायरिंग की गई थी। हालांकि, उस घटना में दोनों बाल-बाल बच गए थे।
बताया जा रहा है कि इरफान के परिवार में आपसी विवाद चल रहा था। इसी वजह से वह पत्नी और बच्चों के साथ अलग किराए के मकान में रह रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
वहीं, थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से रात करीब 11:30 बजे हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया है। मृतक की पत्नी और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





