
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प और ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार करीब 20 लोगों ने एक घर पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से मारपीट करने के बाद अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक महिला समेत दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पीड़ित शिव कुमार सिंह के मुताबिक, शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच बाइक पर सवार होकर लगभग 20 लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस गोलीबारी में सुमित्रा देवी के बाजू में गोली लगी, जबकि देवेंद्र महतो के पैर में गोली लग गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित शिव कुमार सिंह ने बताया कि सुबह जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसके बाद शाम को करीब 20 लोग बाइक से आए और लगभग 10 राउंड फायरिंग की, जिसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।





