खगड़िया IPS विवाद में नया मोड़, पत्नी पूजा सिंह और धनवंत सिंह राठौर समेत सात लोगों पर FIR, एसपी आवास पर हंगामे के मामले में बढ़ीं मुश्किलें

बिहार पुलिस महकमे में सुर्खियों में रहे खगड़िया के पूर्व एसपी और 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह तथा उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा विवाद अब नया कानूनी मोड़ ले चुका है। एसपी आवास पर हुए धरना और हंगामे के मामले में पूजा सिंह और धनवंत सिंह राठौर समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इससे इस हाईप्रोफाइल पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।

 

Sponsored Advertisement

दरअसल, आईपीएस भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने अपने पति पर प्रताड़ना, बेटी से दूर रखने और पारिवारिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसको लेकर उन्होंने पटना महिला थाना और महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, सार्वजनिक रूप से उन्होंने अपने परिवार को फिर से बसाने और बेटी के साथ रहने की इच्छा जाहिर की थी।

 

इसी बीच 4 नवंबर को बिहार सरकार के गृह विभाग ने भानु प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया। उनकी जगह शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया।

 

**अब सात लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी**

 

मामले में नया मोड़ 3 नवंबर को एसपी आवास के मुख्य द्वार पर हुए धरने के बाद आया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुफस्सिल थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के स्व-बयान पर पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

नामजद आरोपियों में पूजा सिंह, पुष्पा देवी पारीक, नीरज कुमार पारीक, आरती सिंह, सोनू सिंह, प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर शामिल हैं। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) लगाई गई हैं।

 

**क्या है पूरा मामला?**

 

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर की सुबह पूजा सिंह एसपी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गई थीं। आरोप है कि इससे आवागमन और सरकारी कामकाज बाधित हुआ। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से उन्हें गोली मारने या एनकाउंटर करने की बात कही। पुलिस का दावा है कि वह अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे धरनास्थल से उठीं।

 

वहीं, थानाध्यक्ष के बयान में धनवंत सिंह राठौर समेत कुछ अन्य लोगों पर पूजा सिंह को धरने के लिए प्रेरित करने का आरोप भी लगाया गया है।

 

फिलहाल, एक ओर पूजा सिंह अपने पति पर गंभीर आरोप लगा रही हैं, तो दूसरी ओर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से मामला और उलझ गया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Posts

पटना में घर में घुसकर ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, दो अपराधियों ने दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गोली

पटना में घर में घुसकर ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, दो अपराधियों ने दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गोली

पटना में घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, सिर में मारी गोली; मोबाइल लेकर फरार हुए अपराधी

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिमरी गांव में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने एक किराए के मकान में घुसकर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *