जामताड़ा में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने एक अहम पहल की है। जिला नियंत्रण कक्ष में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने 112 डायल सेवा के तहत 18 अपाचे बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बाइकों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इन हाई-स्पीड बाइकों के जरिए पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल पर पहुंचेगी, जिससे अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी। खासकर शहरी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह व्यवस्था अधिक कारगर साबित होगी। इस पहल को जिले में पुलिसिंग को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस जवानों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्हें पानी, ग्लूकोन-डी और छतरी वितरित की गई, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब से बिना हेलमेट पकड़े जाने पर सीधे जुर्माना लगाया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि नई गाड़ियों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। वहीं एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और चेक पोस्ट की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस प्रशासन की इस पहल से जामताड़ा में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण दोनों के मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
