बिहार की राजधानी पटना में साइबर ठगों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है और अब ये ठग पढ़े-लिखे और अनुभवी लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं. ताजा मामला पुनाईचक इलाके का है, जहां एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी से करीब 97 लाख रुपये की ठगी कर ली गई.

पीड़ित अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जो अगस्त 2024 में पूर्णिया के होम लोन ब्रांच से मुख्य प्रबंधक पद से रिटायर हुए थे, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए ठगों के संपर्क में आए. बताया जा रहा है कि एक महिला ने उनसे दोस्ती की और खुद को मुंबई की ‘VV Construction’ कंपनी में कार्यरत बताया. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और महिला ने उनका विश्वास जीत लिया.

इसके बाद महिला ने उन्हें ऑनलाइन निवेश के आकर्षक प्रस्ताव दिए और ज्यादा मुनाफे का लालच दिया. भरोसे में आकर अमरेंद्र सिन्हा ने अलग-अलग चरणों में बड़ी रकम निवेश कर दी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन जब पैसे वापस नहीं मिले और महिला से संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ.

पीड़ित ने 13 अप्रैल को साइबर थाना पटना में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में 97.06 लाख रुपये की ठगी की गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

साइबर थाना पटना के डीएसपी सह प्रभारी नीतीश चंद्र धारिया ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव पर बिना जांच-पड़ताल भरोसा न करें.

उन्होंने यह भी कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे हैं, इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है. अगर किसी के साथ इस तरह की घटना होती है, तो तुरंत नजदीकी साइबर थाना या हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *