दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कथित साजिश को समय रहते विफल कर दिया है। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला मोहम्मद सोहेल भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, यह साजिश “गजवा-ए-हिंद” के नाम से संचालित की जा रही थी और इसमें युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने, हथियार और विस्फोटक जुटाने की कोशिशें की जा रही थीं।
कटिहार के मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज बालू टोला निवासी सोहेल की गिरफ्तारी के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस की टीम गांव पहुंची थी और सोहेल को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी, जहां बाद में उसे छोड़ दिया गया था। इसके बाद उसे दस्तावेजों के साथ दिल्ली बुलाया गया, जहां से उसकी गिरफ्तारी की खबर सामने आई।
परिवार का कहना है कि सोहेल सिर्फ दसवीं तक पढ़ा है और अपने पिता के साथ प्लंबर का काम करता था। उसकी मां ने किसी भी आतंकी गतिविधि में बेटे की संलिप्तता से अनभिज्ञता जताई है। हालांकि, स्थानीय सूत्रों के अनुसार उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कट्टरपंथी सामग्री साझा की जा रही थी और वह कथित तौर पर भड़काऊ भाषणों से प्रभावित था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी एक बंद सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए जुड़े थे। इस ग्रुप में युवाओं को उकसाने, हथियार जुटाने और क्राउड फंडिंग के माध्यम से पैसे इकट्ठा करने की योजनाएं बनाई जा रही थीं। सोहेल पर आरोप है कि उसने अपने बैंक अकाउंट और क्यूआर कोड साझा कर फंड जुटाने की कोशिश की।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मुंबई और ओडिशा के युवक शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक की तलाश की जा रही है।
