भागलपुर जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में रविवार को एस.एम. कॉलेज के सामने स्थित सात्विक टॉवर के प्रथम तल पर रियल बायोलॉजी क्लासेस परिसर में भागलपुर जिला अंडर-17 शतरंज चयन प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता के लिए जिला चयन प्रतियोगिता के रूप में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन आईकॉन एकेडमी के निदेशक गोकुल कपीर ने शतरंज की औपचारिक बाजी खेलकर किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि तार्किक सोच, धैर्य और निर्णय क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य निर्णायक एवं सीनियर नेशनल आर्बिटर अंकित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता शांतिपूर्ण और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया।
रोमांचक मुकाबलों के बाद प्रखर चौरसिया ने 4.5 अंक हासिल कर जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। सुकांतो दास दूसरे और एरिक रानाडे तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि शीर्ष तीनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय रेटेड हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 25 से 30 जुलाई 2026 तक समस्तीपुर में आयोजित बिहार राज्य फिडे रेटेड क्लासिकल अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया, जहां वे भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि गोकुल कपीर, भागलपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, सचिव अजय कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष कुणाल कुमार रॉय, सीनियर नेशनल आर्बिटर अंकित कुमार मिश्रा, प्रतियोगिता निदेशक श्यामानंद कुमार, नेहा कुमारी, कंचन कुमारी और अर्चना दास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भागलपुर में शतरंज के प्रति बच्चों और अभिभावकों का बढ़ता उत्साह जिले के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। वहीं सचिव अजय कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि 8 और 9 अगस्त 2026 को भागलपुर में First Rival of Anga International FIDE Rated Rapid Chess Tournament 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के साथ ग्रैंडमास्टर (GM), इंटरनेशनल मास्टर (IM), फिडे मास्टर (FM) और कैंडिडेट मास्टर (CM) जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भागलपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता निदेशक श्यामानंद कुमार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।





