सहरसा में निजी स्कूल में बड़ी चोरी, 1.46 लाख रुपये नकद और सीसीटीवी डीवीआर ले उड़े चोर

सहरसा: शहर के पंचवटी चौक स्थित एक निजी स्कूल में सोमवार की सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोर स्कूल से करीब 1 लाख 46 हजार रुपये नकद, सीसीटीवी का डीवीआर और अन्य महत्वपूर्ण सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल के निदेशक शशांक ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें स्कूल में चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह स्कूल पहुंचे, जहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। कैमरों के पास लगी लाइटें भी तोड़ दी गई थीं ताकि वारदात के दौरान कोई गतिविधि रिकॉर्ड न हो सके।

Sponsored Advertisement

उन्होंने बताया कि जब वह स्कूल के अंदर पहुंचे तो देखा कि चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा कार्यालय में रखी दराज से करीब 1 लाख 46 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए। प्रारंभिक जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए वारदात को अंजाम दिया।

निदेशक शशांक ने बताया कि नकदी से भी अधिक चिंता उन्हें स्कूल के महत्वपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड की है। उनके अनुसार डीवीआर और उससे जुड़े सिस्टम में छात्रों के नामांकन, शुल्क भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक जानकारियों का महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित था। इसके अलावा नए स्कूल की स्थापना के लिए तैयार किया गया आवश्यक डेटा भी उसी सिस्टम में मौजूद था। उन्होंने कहा कि इस डेटा का मूल्य केवल आर्थिक रूप से नहीं आंका जा सकता, क्योंकि इसमें वर्षों की मेहनत और संस्थान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर चोरी गए सामान और महत्वपूर्ण डेटा की बरामदगी की मांग की है।

संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    नाथनगर में चारे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *