पलामू। झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटने के दौरान लापता हुई 30 वर्षीय महिला गीता देवी का शव बुधवार को धान के खेत से बरामद किया गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। अपहरण व गलत काम की आशंका जताते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने मेदिनीनगर-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसना पंचायत निवासी शशि पासवान की पत्नी गीता देवी दुर्गा पूजा पंडाल घूमने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अपहरण की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया।
**पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम, धान के खेत से मिला शव**
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में बसना गांव के एक धान के खेत से गीता देवी का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
थाना प्रभारी संजय यादव ने शव बरामद होने की पुष्टि की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
**लोकेशन – पलामू, झारखंड**
**संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट**





