सीतामढ़ी: बिहार के चर्चित मुखिया मुन्ना मिश्रा हत्याकांड में सीतामढ़ी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी आकाश सोनार को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आकाश सोनार कुख्यात विकेश झा गिरोह का सक्रिय सदस्य है. सीतामढ़ी और शिवहर जिले में उसके खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार ठिकाना बदल रहा था.

जांच में खुलासा हुआ है कि पुलिस से बचने के लिए आकाश सोनार लुधियाना में छिपकर रह रहा था. वहां उसने अपनी पहचान बदल रखी थी और एक मोटर गैराज में मजदूर के रूप में काम कर रहा था. इतना ही नहीं, आरोपी ने दो शादियां भी कर रखी थीं और अलग-अलग पहचान के साथ रह रहा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो.

गौरतलब है कि कुछ समय पहले सीतामढ़ी में मुखिया मुन्ना मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था. इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े किए थे.

सीतामढ़ी पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद लुधियाना में छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया. फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर सीतामढ़ी लाया जा रहा है.

सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है. पुलिस अब इस मामले में फरार बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी तेजी से कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *