बोकारो एयरपोर्ट की शुरुआत को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना को जल्द शुरू कराने के उद्देश्य से आज बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बीएसएल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, एसी मुमताज अंसारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एयरपोर्ट के बचे हुए कार्यों की समीक्षा की गई और उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य रूप से उन कार्यों पर फोकस किया गया, जो राज्य सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बीएसएल के स्तर पर पूरे किए जाने हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट से जुड़ी सभी लंबित प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि बोकारो एयरपोर्ट का संचालन जल्द शुरू हो सके।
जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि बोकारो एयरपोर्ट से सटे दूंदीबाग के सामने अतिक्रमित जमीन को 15 मई तक स्थायी चारदीवारी से घेरने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य दोबारा अतिक्रमण को रोकना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा जो भी छोटे-मोटे निर्माण और तकनीकी कार्य बाकी हैं, उन्हें मई महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि जून के मध्य यानी 15 जून तक एयरपोर्ट के सभी अधूरे कार्य पूरे कर लिए जाएं।
वहीं बीएसएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच होने वाले एमओयू को लेकर अभी अंतिम सहमति बननी बाकी है। इस संबंध में अगली बैठक 7 मई को बुलाई गई है, जिसमें इस समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
बोकारोवासियों के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी मानी जा रही है, क्योंकि एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल यातायात सुविधा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
