धनबाद में यातायात नियमों को लेकर पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई, जिसने साफ कर दिया कि कानून के आगे किसी का रसूख नहीं चलता।
जानकारी के अनुसार, एक राजनीतिक पार्टी के जिलाध्यक्ष शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोका। जांच के दौरान चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने बिना किसी देरी के वाहन को जब्त कर यातायात थाना ले गई।
बताया जा रहा है कि गाड़ी के आगे बड़े अक्षरों में जिलाध्यक्ष का बोर्ड लगा हुआ था और वाहन पर पार्टी का झंडा भी लगा था। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
हालांकि, मामला बढ़ता देख बाद में वाहन से जिलाध्यक्ष का बोर्ड और पार्टी का झंडा हटा दिया गया। लेकिन तब तक यह घटना शहर में चर्चा का विषय बन चुकी थी। आम लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इस पूरे मामले पर ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि वह शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और नियम तोड़ने वालों में डर पैदा होगा। धनबाद यातायात पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
