बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। महेशखूंट थाना क्षेत्र के गौछारी स्थित एनएच-31 पर गिट्टी से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक ऑटो पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में CISF जवान बिपिन चौरसिया और उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, बिपिन छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे और गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पत्नी के साथ ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रहे थे, ताकि वे ड्यूटी पर लौट सकें। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल अन्य लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि गिट्टी से लदा ट्रक संतुलन खो बैठा, जिसके कारण वह ऑटो पर पलट गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

इधर, गोगरी थाना क्षेत्र के मालिया गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, बिपिन चौरसिया बेहद मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनकी और उनकी पत्नी की असमय मौत से पूरा गांव स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को राहत एवं मुआवजा देने के निर्देश दिए। विधायक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *