उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिहारी सहित पूर्वांचल के लोगों को अपमानित किया है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे पूर्वांचल के लोगों को बार-बार अपमानित कर रहे हैं।
बिहार और यूपी के लोग कभी भी किसी का बोझ नहीं बनते हैं, बल्कि जिनके साथ ये लोग होते हैं, उनका सौभाग्य होता है। बिहार और पूर्वांचल के लोग चुनाव में इसका बदला लेंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये वही केजरीवाल हैं जो कहा करते थे कि बिहार के लोग 500 का टिकट कटवाकर दिल्ली इलाज के लिए पहुंच जाते हैं। आज बिहार में एक करोड़ 21 लाख लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयुष्मान योजना के तहत कार्ड दिया गया है और उनका मुफ्त इलाज करवाया जा रहा है। केजरीवाल ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को भ्रष्टाचारी और अपराधी कहा था और आज उन्हीं का परिवार केजरीवाल की गोद में खेल रहा है। केजरीवाल 13 साल तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे। वे शीशमहल बना रहे हैं। लालू प्रसाद को बताना चाहिए कि वे किसके साथ हैं। केजरीवाल की पार्टी रोहिंग्याओं का नाम मतदाता सूची में जोड़वाना चाहती है।