बिहार के पूर्णिया जिले में भ्रष्टाचार पर लगाम लगती नहीं दिख रही है। लगातार कार्रवाई के बावजूद सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का खेल जारी है। इसी कड़ी में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया पूर्व प्रखंड कार्यालय से दो राजस्व कर्मियों को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मियों की हड़ताल के कारण लाल बाबू रजक को हल्का 1-A, 1-B और 1-C का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। उनके कार्यक्षेत्र में पूर्णिया शहर का हिस्सा भी शामिल था। इसी दौरान एक जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के मामले में उन्होंने आवेदक से 50 हजार रुपये की घूस की मांग की थी।

शिकायतकर्ता कविता देवी, जो गुलाब बाग हसदा की रहने वाली हैं, ने इस मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। योजना के तहत लाल बाबू रजक ने घूस की रकम रूबी कुंडू को देने को कहा, जो अभिलेखागार में दस्तावेजों की स्कैनिंग का काम संभालती थी।

जैसे ही रूबी कुंडू ने 40 हजार रुपये की राशि ली, निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। पूछताछ में दोनों के बीच मिलीभगत का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों के निपटारे में दोनों की भूमिका संदिग्ध रही है।

निगरानी विभाग के डीएसपी अमरेंद्र तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई और घूस मांगने की पुष्टि के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। बरामद रकम रूबी कुंडू के पास से मिली है। फिलहाल दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए पटना ले जाया जा रहा है।

निगरानी और आयकर विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में भ्रष्टाचार की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। अब विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *