सहरसा पुलिस को अपराध नियंत्रण के अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पतरघट थाना और बैजनाथपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 हजार रुपये के इनामी अंतरजिला अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
शनिवार की शाम सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसका यह एक बड़ा परिणाम है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को बैजनाथपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक वांछित अपराधी पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली गांव स्थित आम के बगीचे में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पतरघट और बैजनाथपुर थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान रामू कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष), पिता उपेंद्र साह, निवासी धबौली वार्ड संख्या 1, थाना पतरघट, जिला सहरसा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह कई संगीन मामलों में वांछित था। उस पर पूजा पेट्रोल पंप लूटकांड और मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र में सेंट्रल बैंक लूटकांड में शामिल होने का आरोप है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पतरघट थाना कांड संख्या 80/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस पूरे ऑपरेशन में पतरघट और बैजनाथपुर थाना पुलिस के साथ-साथ जिला आसूचना इकाई की टीम की अहम भूमिका रही। सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती रहेगी।
