सहरसा में आगामी 1 मई को आयोजित होने वाले विश्वकर्मा सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के चांदनी चौक स्थित सम्राट अशोक भवन में होने वाले इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए विश्वकर्मा शक्ति मोर्चा की ओर से गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में शनिवार को कहरा प्रखंड के बलहाडीह गांव के वार्ड संख्या 4 में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राम विलास शर्मा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह नजर आया और सभी ने समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए लोजपा (रा) के जिलाध्यक्ष महेंद्र शर्मा और भारतीय विश्वकर्मा महासंघ के जिला अध्यक्ष डॉ. रघुनंदन शर्मा ने समाज की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्वकर्मा समाज के सम्मान और पहचान का प्रतीक है।

 

महेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “आप सभी की सक्रिय भागीदारी से ही इस समारोह की गरिमा और मर्यादा बढ़ेगी। जब समाज एकजुट होगा, तभी विश्वकर्मा शक्ति मोर्चा और अधिक मजबूत बन सकेगा।” उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि 1 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।

 

वहीं डॉ. रघुनंदन शर्मा ने भी समाज के लोगों को एक मंच पर आने और अपने अधिकारों तथा सम्मान के लिए संगठित होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता और एकता को बढ़ावा देते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। विश्वकर्मा शक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में जनसंपर्क अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

 

अब देखना होगा कि 1 मई को होने वाला यह सम्मान समारोह किस तरह समाज की एकता और शक्ति का प्रदर्शन करता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *