धनबाद। शहर के प्रमुख खेल मैदान गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने की संभावित तैयारी को लेकर स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और होमगार्ड एसोसिएशन ने विरोध जताया है। इसी सिलसिले में रविवार को खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो से मिला और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
खिलाड़ियों का कहना है कि गोल्फ ग्राउंड शहर के प्रमुख खेल मैदानों में शामिल है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में युवा वॉक, क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं और सरकारी बहाली की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी भी नियमित रूप से मैदान का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यहां मेला आयोजित होने से खेल गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल निखिल कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष भी गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने की चर्चा हुई थी। उस समय इसे रोकने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में मामला स्पष्ट नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर में जिला परिषद मैदान, कोहिनूर मैदान और झारखंड मैदान जैसे अन्य स्थान उपलब्ध हैं, तो फिर खेल गतिविधियों के लिए उपयोग होने वाले गोल्फ ग्राउंड को ही मेले के लिए क्यों चुना जा रहा है।
खिलाड़ियों ने इस मामले में जिला उपायुक्त और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। विधायक जयराम महतो से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि विधायक ने उनकी बात सुनी और आश्वासन दिया कि यदि स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों को परेशानी है, तो इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि मेले के दौरान टेंट, भीड़ और अन्य व्यवस्थाओं के कारण मैदान में खेल गतिविधियां बाधित हो सकती हैं। उनका यह भी कहना है कि आयोजन के बाद मैदान में कचरा, गंदगी और टेंट लगाने के दौरान बचे नुकीले अवशेष खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं।
युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि आपत्ति के बावजूद मैदान में मेला लगाया गया, तो वे जिला उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर प्रशासन से जवाब मांगेंगे।







