बिहार के जमुई में राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर डेटा एंट्री ऑपरेटरों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। बिहार राज्य डेटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा की जिला इकाई के बैनर तले जिले के करीब 100 आईटी कर्मियों ने श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम से समाहरणालय तक विशाल रोड मार्च निकाला।
इस मार्च में डेटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर, आशुलिपिक और आईटी कर्मी शामिल हुए। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान “चाहे जो भी मजबूरी हो, राज्यकर्मी का दर्जा जरूरी हो” और “मानदेय नहीं सम्मान चाहिए, राज्यकर्मी का अधिकार चाहिए” जैसे नारे लगाए गए।
संघ की जिला अध्यक्ष रिंकू सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय रोड मार्च सफल रहा है। कर्मियों की एकजुटता से स्पष्ट है कि वे अपने अधिकारों की मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार से जल्द राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर राज्य स्तर के निर्देशानुसार इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, संघ के उपाध्यक्ष विवेक कुमार और जिला सचिव मिथुन कुमार ने मार्च में शामिल सभी महिला एवं पुरुष कर्मियों का आभार जताया और आगे के आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की।
इस मौके पर प्रोग्रामर संतोष कुमार सहित सुभाष कुमार, कौशल कुमार, दिनकर कुमार, नीरज कुमार, मुकेश कुमार, सोमन सिन्हा, स्मृति कुमारी समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों के डेटा एंट्री ऑपरेटर मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।





