पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में धनबाद में भी भाजपा समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। भाजपा विधायक राज सिन्हा के आवास पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गुलदस्ते देकर जीत की बधाई दी।
इस दौरान पूरे माहौल में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए और “जय श्री राम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। समर्थकों ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।
विधायक राज सिन्हा ने भी इस मौके पर सभी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां गुंडागर्दी चरम पर थी और आम जनता परेशान थी। ऐसे में जनता ने बदलाव का मन बना लिया था और भाजपा को बहुमत देकर नई उम्मीद जताई है।
राज सिन्हा ने आगे कहा कि यह जीत सिर्फ एक राज्य की नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने असम और पुडुचेरी में मिली जीत को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन राज्यों में भी जनता ने विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा को समर्थन दिया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी और विकास की गति और तेज होगी। इस जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और वे इसे आगामी चुनावों के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।
संवाददाता: नीतीश कुमार
