बोकारो से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां दूंदीबाग बाजार के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर बीएसएल प्रबंधन और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। बोकारो एयरपोर्ट परियोजना को गति देने के लिए इस इलाके को अतिक्रमण मुक्त करना बेहद जरूरी माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही प्रशासन ने इस क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया था, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने फिर से यहां अवैध कब्जा जमा लिया। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बोकारो के जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर एक बार फिर सख्त कार्रवाई शुरू की गई है।
इसी कड़ी में आज बीएसएल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने दूंदीबाग बाजार क्षेत्र में पहुंचकर अभियान चलाया। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाते हुए स्वयं से जगह खाली करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है और लोगों को पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका है।
बीएसएल की ओर से पहुंचे अधिकारी कर्नल राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि पूरे वायर्ड एरिया को खाली करने का निर्देश पहले ही जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों से लगातार माइकिंग कर लोगों को सूचित किया जा रहा है, जिसका वीडियो रिकॉर्ड भी प्रशासन के पास मौजूद है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन नहीं चाहता कि बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़े या जेसीबी जैसी मशीनों का इस्तेमाल करना पड़े। इसलिए लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमित क्षेत्र को खाली कर दें।
फिलहाल इलाके में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है और आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि बोकारो एयरपोर्ट परियोजना में कोई बाधा न आए।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो
