धनबाद से एक अहम खबर सामने आ रही है, जहां गैस एजेंसियों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद कई एजेंसियां अब भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं कर रही हैं, जिसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
ताजा मामला शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित इंडेन गैस एजेंसी “श्री विग्नेश” से जुड़ा है। यहां उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें बार-बार गलत जानकारी देकर परेशान किया जा रहा है। कभी उनकी गैस बुकिंग को बिना किसी ठोस कारण के कैंसिल बता दिया जाता है, तो कभी DAC कोड के नाम पर उन्हें भ्रमित किया जाता है, जिससे उन्हें बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि DAC यानी डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड, गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय सत्यापन के लिए जरूरी होता है। लेकिन कई बार तकनीकी गड़बड़ी या एजेंसी की लापरवाही के कारण यह प्रक्रिया उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन जाती है।
पीड़ित उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी के कई चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। इस लापरवाही को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।
हालांकि उपभोक्ताओं के पास शिकायत दर्ज कराने का विकल्प भी मौजूद है। इंडेन गैस के टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि जब पहले से ही प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश जारी हैं, तो फिर एजेंसियों की यह मनमानी क्यों जारी है।
अब देखना होगा कि धनबाद जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषी एजेंसियों पर क्या कार्रवाई करता है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
संवाददाता: नीतीश कुमार
