सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मामूली जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 10 धुर जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान रहुआमनी गांव निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद इसराफील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पड़ोस में रहने वाले संतोष यादव और अन्य लोग उनकी जमीन पर अवैध रूप से मकान निर्माण कर रहे थे। जब इसराफील ने इसका विरोध किया, तो मामला बढ़ गया और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने बनगांव थाना पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके गांव में अंचलाधिकारी पहुंचे हुए हैं। जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी रहुआमनी चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बरियाही स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, सदर अस्पताल स्थित पुलिस चौकी द्वारा घायल का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद को लेकर बढ़ती ऐसी घटनाएं एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।
