भागलपुर में गंगा पार आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सोमवार को बाबूपुर और बरारी घाट का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बाबूपुर-महादेवपुर और बरारी-महादेवपुर के बीच चल रहे नाव और जेटी परिचालन का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर ध्यान दिया कि नावों पर क्षमता से अधिक यात्री सवार न हों। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को सख्त निर्देश भी दिए।

 

मौके पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सरकारी नाव और जेटी का परिचालन सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को राहत मिल रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निजी नाव और जेटी संचालकों को भी संचालन की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके लिए उन्हें प्रशासन के पास पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। साथ ही किराया भी प्रशासन द्वारा निर्धारित किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जल्द ही विभिन्न स्थानों से भागलपुर के लिए नावों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि यात्रियों को इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हर 5 से 10 मिनट के अंतराल पर नावों के संचालन की योजना बनाई जा रही है।

 

घाटों पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने भी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी और कहा कि सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

 

इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

प्रशासन द्वारा की जा रही इस पहल से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है और आवागमन अब पहले से अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित होता नजर आ रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *