apnabiharjharkhand

नालंदा में प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने से सनसनी, हालत गंभीर

बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र के धमौली नहर रोड की है, जहां बदमाशों ने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया। घायल की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है। वह कृष्णा प्रसाद के पुत्र बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राजीव कुमार इस्लामपुर इलाके में एक नवनिर्मित मकान की साइट देखने गए थे। देर शाम जब वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजीव कुमार को इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि रात करीब 9:15 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि इलाके में विधि व्यवस्था सामान्य है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

घटना के बाद परिजनों में आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *