लालू-राबड़ी की Z+ सुरक्षा वापस, तेज प्रताप की सुरक्षा में भी कटौती; तेजस्वी को पहले जैसी Y+ सुरक्षा बरकरार
पटना: बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। राज्य सरकार के नए आदेश के अनुसार दोनों नेताओं की जेड प्लस (Z+) श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें विशेष सुरक्षा समूह (SSG) के तहत सुरक्षा मिलती रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को हाउस गार्ड के रूप में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के 2 से 8 जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पटना जिला बल के दो बॉडीगार्ड, बुलेटप्रूफ वाहन, एचक्यूआरटी पायलट तथा एस्कॉर्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। राबड़ी देवी की सुरक्षा में सादे लिबास में महिला अंगरक्षक की भी तैनाती की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की राज्य सुरक्षा समिति की बैठक के बाद जारी आदेश में कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। हालांकि परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा में कोई परिवर्तन नहीं होगा। मीसा भारती को पहले की तरह तीन अंगरक्षक और Rajshree yadav को एक अंगरक्षक की सुरक्षा मिलती रहेगी।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पहले की तरह वाई प्लस (Y+) श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। इस सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के चार जवान, पटना जिला बल के छह बॉडीगार्ड, वाहन और एस्कॉर्ट पार्टी की सुविधा यथावत जारी रहेगी।
दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती की गई है। अब तक उन्हें ए (A) श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन नए आदेश के बाद यह सुरक्षा वापस लेते हुए केवल एक अंगरक्षक की तैनाती की गई है।
सरकार के इस फैसले को बिहार की राजनीतिक हलचल के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।