सहरसा में सड़क हादसे ने छीनी परिवार की खुशियां, ऑटो चालक की मौत

सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो रिक्शा चालक की मौत हो गई। गुरुवार देर रात मानसी-सहरसा मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

वीओ : मृतक की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया वार्ड संख्या-12 निवासी छब्बू यादव के 50 वर्षीय पुत्र मनोज यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मनोज यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे मनोज यादव ऑटो लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मानसी-सहरसा मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उन्हें तत्काल सलखुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मनोज यादव अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनके सात बच्चे हैं, जिनमें पांच पुत्रियां और दो पुत्र शामिल हैं। पांच पुत्रियों में से दो की शादी हो चुकी है, जबकि तीन अभी अविवाहित हैं। एक पुत्र पढ़ाई कर रहा है, वहीं दूसरे पुत्र को हाल ही में भारतीय वायुसेना से नियुक्ति पत्र मिला है और उसे 28 जून तक ज्वाइन करना है।

मृतक के बहनोई ने बताया कि मनोज यादव परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। ऑटो चलाकर ही वह पूरे परिवार का खर्च उठाते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।

शुक्रवार को सलखुआ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

  • Related Posts

    रास्ते में बंधे जानवर को हटाने की बात पर विवाद, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

    भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में रास्ते पर बंधे जानवर को हटाने की बात कहना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि रास्ते से जानवर हटाने को लेकर शुरू…

    नाथनगर में चोरी का खुलासा, जलाए हुए सोने समेत चोरी के सामान के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी कुमार और संतोष कुमार…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *