apnabiharjharkhand

भागलपुर कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा, महिला ने युवक का कॉलर पकड़ मांगा हक, प्रेम विवाह और बच्चों को लेकर विवाद


भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर गुरुवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामे का केंद्र बन गया, जब एक महिला ने कोर्ट परिसर में ही एक युवक का कॉलर पकड़ लिया और अपने हक की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। अचानक हुए इस विवाद को देखने के लिए कोर्ट परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हंगामा कर रही महिला की पहचान मदीना खातून के रूप में हुई है, जबकि युवक का नाम विकास साह बताया जा रहा है। मदीना खातून का आरोप है कि विकास साह ने उससे प्रेम विवाह किया था और कई वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहने के बाद अब उसे और उसके दो बच्चों को अपनाने से इनकार कर रहा है। महिला ने कहा कि दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और एक-दूसरे से प्रेम करते थे।

महिला के अनुसार साल 2016 में उसकी शादी किसी अन्य व्यक्ति से हुई थी, लेकिन बाद में विकास साह उसे अपने साथ अलीगढ़ लेकर चला गया, जहां दोनों कई वर्षों तक साथ रहे। इसी दौरान उनके दो बच्चे भी हुए। मदीना का कहना है कि विकास के परिवार ने पहले उसे स्वीकार कर लिया था, लेकिन अब परिवार वाले उससे दो लाख रुपये और जमीन की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकाल दिया गया।

वहीं विकास साह ने महिला के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मदीना पहले से शादीशुदा है और उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। विकास का कहना है कि उसके खिलाफ साजिश के तहत कोर्ट में मामला किया गया है।

फिलहाल मदीना खातून ने कोर्ट में भरण-पोषण को लेकर मामला दर्ज कराया है। मामले को लेकर न्यायालय में कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं कोर्ट परिसर में हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे की चर्चा पूरे दिन लोगों के बीच होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *