नाथनगर के शंकरपुर दियारा से हथियारों का जखीरा बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार; बड़ी वारदात की थी तैयारी

भागलपुर पुलिस ने अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा से तीन अपराधियों को अवैध हथियारों और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।

 

Sponsored Advertisement

इस संबंध में भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंकरपुर दियारा इलाके में कुछ अपराधी हथियारों का जमावड़ा कर किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन कर इलाके में छापेमारी की गई।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल तथा परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी मस्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों और कारतूसों को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किस घटना में किया जाना था।

 

भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

संवाददाता : रजनीश कुमार, भागलपुर

  • Related Posts

    फिल्म ‘पा’ वाली बीमारी से जूझ रहे मिचील वांडेवीर्ट का 28 साल की उम्र में निधन, 12 साल की उम्र की भविष्यवाणी को गलत साबित कर दुनिया को कहा अलविदा

    साल 2009 में आई अमिताभ बच्चन की चर्चित फिल्म ‘पा’ में जिस दुर्लभ बीमारी प्रोजेरिया को पर्दे पर दिखाया गया था, उसी बीमारी से जूझ रहे बेल्जियम के लोकप्रिय कंटेंट…

    शराब कारोबारी के साथ डांस करना ASI को पड़ा भारी, मुजफ्फरपुर में पुलिसकर्मी निलंबित

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब कारोबारियों से पुलिसकर्मियों की कथित नजदीकी का मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में डायल-112 में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *