नाथनगर के शंकरपुर दियारा से हथियारों का जखीरा बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार; बड़ी वारदात की थी तैयारी

भागलपुर पुलिस ने अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा से तीन अपराधियों को अवैध हथियारों और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।

 

Sponsored Advertisement

इस संबंध में भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंकरपुर दियारा इलाके में कुछ अपराधी हथियारों का जमावड़ा कर किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन कर इलाके में छापेमारी की गई।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल तथा परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी मस्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों और कारतूसों को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किस घटना में किया जाना था।

 

भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

संवाददाता : रजनीश कुमार, भागलपुर

  • Related Posts

    सहरसा के अगवानपुर हॉर्टिकल्चर में मजदूर की मौत पर हंगामा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    सहरसा जिले के अगवानपुर स्थित हॉर्टिकल्चर में मजदूरी करने वाले मिथिलेश पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हंगामा मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश…

    गैस को लेकर प्रधानमंत्री ने किया बड़ा ऐलान, बायोगैस उत्पादन 10 गुना बढ़ाने की तैयारी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ऊर्जा क्षेत्र को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने 23,731 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय गोबरधन योजना को मंजूरी दी है। इस…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *