मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में जाली नोटों के कारोबार का मामला सामने आया है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर जोड़ाकांही गांव से पुलिस ने 500 रुपये के जाली नोटों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500 रुपये के 28 नकली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 14 हजार रुपये है। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसके तार नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी करीब 20 हजार रुपये के जाली नोट लेकर आया था। इनमें से 6 हजार रुपये के नकली नोट वह स्थानीय बाजार में खपा चुका था, जबकि बाकी 14 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी साहेबगंज थाना क्षेत्र के मुशहरी गांव का रहने वाला है।
स्थानीय लोगों को दे रहा था जाली नोट
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हुस्सेपुर जोड़ाकांही गांव में एक व्यक्ति स्थानीय लोगों को भुगतान करने के लिए जाली नोटों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में साहेबगंज थाना पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान आरोपी को जाली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
नेपाल और बांग्लादेश तक कनेक्शन की आशंका
ग्रामीण एसपी ने बताया कि मामले में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने जाली नोटों की आपूर्ति करने वाले कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि इस धंधे में कई लोग शामिल हैं और इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है।
पुलिस नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। हालांकि, इन कड़ियों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के जरिए गिरोह के नेटवर्क और जाली नोटों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। साथ ही उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्हें आरोपी बाजार में 6 हजार रुपये के जाली नोट दे चुका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन नोटों का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा सकती है।





