पूर्णिया में आईबी की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने के आरोप में 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी ने बड़ी कार्रवाई की है। आईबी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित एक मकान में छापेमारी कर 23 वर्षीय युवक शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने और एक संदिग्ध इस्लामिक कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।

गिरफ्तार युवक की पहचान शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर के रूप में हुई है। पुलिस और खुफिया सूत्रों के मुताबिक, शाहिद वर्ष 2025 से ही एक संदिग्ध कट्टरपंथी ग्रुप के संपर्क में था। जांच में पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद संदिग्ध लोगों से उसके संपर्क की जानकारी सामने आई है।

Sponsored Advertisement

देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां देश-विदेश में मौजूद संदिग्ध हैंडलर्स तक पहुंचा रहा था। इस नेटवर्क की गतिविधियों को लेकर आईबी लंबे समय से इनपुट जुटा रही थी।

डिजिटल सबूत मिलने के बाद आईबी की टीम पूर्णिया पहुंची और मधुबनी थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और लैपटॉप की जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय एजेंसियों और एसटीएफ ने आरोपी से पूछताछ की। पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मामले की जानकारी ली। आरोपी से 24 घंटे से अधिक समय तक गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की गई।

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आईबी से मिली जानकारी के आधार पर युवक को पकड़ा गया है। उसका पाकिस्तानी लिंक सामने आया है। उसके मोबाइल को जांच के लिए भेजा गया है।

अब मोबाइल और लैपटॉप की जांच के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।

Related Posts

मुजफ्फरपुर में जाली नोटों का कारोबार, 14 हजार के नकली नोट के साथ तस्कर गिरफ्तार; नेपाल-बांग्लादेश कनेक्शन की जांच

मुजफ्फरपुर में जाली नोटों का कारोबार, 14 हजार के नकली नोट के साथ तस्कर गिरफ्तार; नेपाल-बांग्लादेश कनेक्शन की जांच

छठ मनाने मुंबई से नवादा आ रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, दो गंभीर

छठ मनाने मुंबई से नवादा आ रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, दो गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *