
झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के उद्घाटन समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार्यक्रम में मौजूद राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की के हथियार के लाइसेंस और उनके साथ मौजूद वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें दो काले रंग की गाड़ियों के साथ मेदिनीनगर शहर थाना ले गई।
मामला नीलांबर-पीतांबरपुर थाना क्षेत्र के बसौरा का है। यहां एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की भी पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उनके हथियार के लाइसेंस और दोनों वाहनों के कागजात की जांच शुरू कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से समारोह स्थल पर मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई।
दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस राजू तिर्की को उनकी दोनों काली गाड़ियों के साथ मेदिनीनगर शहर थाना ले गई। फिलहाल थाने में उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूरा मामला आर्म्स एक्ट से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हथियार के लाइसेंस और वाहनों से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उद्घाटन समारोह के बीच पुलिस को अचानक यह कार्रवाई क्यों करनी पड़ी? क्या हथियार के लाइसेंस या वाहनों के दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी मिली है? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
**फिलहाल राजू तिर्की की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।**





