जामताड़ा जिले में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में साइबर अपराध से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने, वांछित साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), साइबर अपराध थाना के निरीक्षक सह थाना प्रभारी सहित साइबर अपराध से जुड़े सभी पुलिस निरीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और प्रत्येक मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
एसपी ने जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सूचना एवं आसूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाने, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही बैंक और टेलीकॉम कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने तथा साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड की आपूर्ति करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने को कहा।
एसपी ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता को भी अहम बताया। उन्होंने जिले के स्कूल-कॉलेजों के अलावा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि छात्र-छात्राओं और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और मामलों में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
संतोष कुमार, जामताड़ा।






