पटना: राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान 4 से 15 दिसंबर 2026 तक 42वां पटना पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा। सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से आयोजित इस पुस्तक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को भूमि पूजन के साथ गांधी मैदान में मेले के पंडाल निर्माण का कार्य शुरू किया गया। इस वर्ष पुस्तक मेले की थीम ‘जॉय ऑफ रीडिंग, बियोंड बुक्स’ रखी गई है। वहीं, यह आयोजन बिहार गीत के रचयिता और लोककवि सत्यनारायण को समर्पित होगा। इसकी जानकारी सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रत्नेश्वर ने दी।
उन्होंने बताया कि इस बार पुस्तक मेले में 200 स्टॉल लगाए जाएंगे और 500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें देशभर के लगभग छह हजार लेखक, साहित्यकार, कलाकार, विशेषज्ञ और प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। पुस्तक प्रेमियों के लिए साहित्य, कला, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सिनेमा और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे।
इस बार ‘बुक गाइड’ कार्यक्रम खास पहल होगी। आनंद कुमार के संयोजन में बुक गाइड पाठकों, विद्यार्थियों और संस्थानों को अलग-अलग स्टॉल, प्रकाशकों, लेखकों और नई पुस्तकों की जानकारी देंगे। वहीं, युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए ‘शब्दांकुर’, ‘यूथ पोडियम’ और ‘चिट्ठियां’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्कूली बच्चों के लिए ‘हुनर’ कार्यक्रम के तहत कहानी लेखन, माइम शो, वेस्ट क्राफ्ट, सेल्फी चैलेंज और अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें 70 से अधिक स्कूलों के करीब चार हजार बच्चों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा सिनेमा-उनेमा फिल्म फेस्टिवल, कवि सम्मेलन, काव्यकथा, जनसंवाद, नुक्कड़ नाटक, कला प्रदर्शनी और स्कूल उत्सव भी आयोजित होंगे।
इस बार चर्चित सिने कलाकार राजेश कुमार को सिनेमा-उनेमा शिखर सम्मान दिया जाएगा। स्वास्थ्य संवाद में देश के प्रमुख चिकित्सक लोगों से सीधा संवाद करेंगे। वहीं, ‘स्वाद विहार’ में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के चुनिंदा पकवानों का स्वाद भी मिलेगा।
पुस्तक मेले में प्रभात प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, ज्ञानपीठ, साहित्य अकादमी और एनबीटी समेत कई प्रतिष्ठित प्रकाशक शामिल होंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन पुस्तक प्रेमियों, युवाओं और साहित्य-संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए ज्ञान, मनोरंजन और संवाद का बड़ा मंच साबित होगा।





