
जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत लछुरायडीह फुटबॉल मैदान में शनिवार को आदिवासी सांवता सुसार आखड़ा समिति की ओर से आदिवासी जोम सिम बिन्ती सह महासम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। महासम्मेलन में आदिवासी समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। पूरा मैदान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक गीत-संगीत के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सह पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सीता सोरेन शामिल हुईं। समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य-गीत तथा शॉल भेंटकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर पहुंचने के बाद सीता सोरेन ने आदिवासी महानायक सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, दिशोम गुरु शिबू सोरेन और अपने पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में सीता सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज की असली पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव में है। अपनी भाषा और संस्कृति को बचाकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक हम अपनी जड़ों से जुड़े रहेंगे, तब तक कोई हमें कमजोर नहीं कर सकता।
उन्होंने युवाओं से अपनी मातृभाषा और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही समाज के लोगों को एकजुट रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही विकास का सबसे बड़ा आधार है।
कार्यक्रम में भारत जोगत रेन बिन्ती गुरु बाबा मानोतान सोमाई किस्कू भी मौजूद रहे। उन्होंने समाज की एकता, पारंपरिक रीति-रिवाजों और जोम सिम बिन्ती के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं, कार्यक्रम में मनोरंजन का आकर्षण आदिवासी समाज के चर्चित गीतकार रथीन किस्कू रहे। उन्होंने एक से बढ़कर एक पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों पर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने जमकर नृत्य किया। महासम्मेलन ने आदिवासी समाज की सांस्कृतिक एकजुटता और अपनी परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
संतोष कुमार, जामताड़ा।







