सहरसा: जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को संगठन विस्तार और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसजनों, प्रखंड अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में जिला संगठन के विस्तार के साथ प्रखंड कमेटियों और मोर्चा संगठनों को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार झा ने कहा कि देश इस समय विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है और ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर आम लोगों को मौजूदा सरकार की नीतियों और कार्यों से अवगत कराएं। साथ ही उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। इसी क्रम में 26 नवंबर को पटना में आयोजित होने वाली संविधान बचाओ रैली को सफल बनाने के लिए सहरसा से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।
वहीं, जिला प्रभारी संजीव यादव ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि 29 नवंबर को सहरसा जिला कांग्रेस कार्यालय में एक दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और पार्टी की गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में प्रदेश प्रतिनिधि मोहम्मद नईम उद्दीन, वरीय उपाध्यक्ष कुमार हीरा प्रभाकर, इंटक अध्यक्ष सत्य नारायण चौपाल, बद्री प्रसाद यादव, कुमोद कुमार सिंह, युवा कांग्रेस के मनीष कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सोशल मीडिया से जुड़े आशीष कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। बैठक में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पित होकर पार्टी की विचारधारा और संविधान की रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।






