सहरसा: जिला मुख्यालय के समीप लछमिनियां स्थित विद्यापति धाम में गुरुवार की शाम तीन दिवसीय 13वें मिथिला संस्कृति महोत्सव सह विद्यापति स्मृति पर्व का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक डॉ. गौतम कृष्ण, मुख्य अतिथि डॉ. भवानंद मिश्र, पंडित तरुण झा एवं दिग्विजय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद शांभवी झा ने महाकवि विद्यापति द्वारा रचित गोसाउनिक गीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. भवानंद मिश्र ने मैथिली भाषा के संरक्षण, संवर्धन और विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैथिली को रोजगार से जोड़ना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब तक मातृभाषा को शिक्षा और रोजगार का माध्यम नहीं बनाया जाएगा, तब तक इसका व्यापक विकास संभव नहीं है। इसके लिए प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक मैथिली को पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मातृभाषा में शिक्षा मिलने से बच्चों की बौद्धिक क्षमता का बेहतर विकास होगा। साथ ही नई पीढ़ी अपनी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से भी मजबूती से जुड़ सकेगी। उन्होंने मैथिली को प्रशासनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी पर्याप्त अवसर देने की आवश्यकता बताई।
वहीं, स्थानीय विधायक डॉ. गौतम कृष्ण ने विद्यापति धाम के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में स्वागताध्यक्ष एवं पूर्व मुखिया अरविंद यादव, संस्थापक भोगेंद्र शर्मा निर्मल तथा विद्यानंद यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन किसलय कृष्ण ने किया।
इस अवसर पर पंडित तरुण झा, डॉ. संजय वशिष्ठ, डॉ. विनीत कुमार, लाल दास, डॉ. राजेंद्र प्रधान, डॉ. पंकज कुमार, चंदन झा, निर्मल मिश्र समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। तीन दिवसीय इस महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।






