जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे लाल रंग के ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिणबहाल अंतर्गत आसनहेरिया गांव निवासी शिवशंकर साधु (21 वर्ष), पिता कमल साधु के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवशंकर साधु अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या जेएच 21 आर 1042 से धनबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारों गांव के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे लाल रंग के ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवशंकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना जामताड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर मरांडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की असामयिक मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के करुण क्रंदन से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल लाल रंग के ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद आसनहेरिया और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट : संतोष कुमार, जामताड़ा।







