सहरसा। जमुई में 17 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतर प्रमंडल अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोसी प्रमंडल की टीम जमुई रवाना हो गई है। टीम में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के कुल 15 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टीम की कप्तानी अंकित यादव करेंगे, जबकि राहुल कुमार कोच की भूमिका निभाएंगे।
सहरसा जिला एवं कोसी प्रमंडल क्रिकेट के संयोजक तथा बिहार जूनियर क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रोशन सिंह धोनी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पहले तीनों जिलों में जिला स्तरीय टीमों का चयन किया गया। इसके बाद एमएलटी कॉलेज, सहरसा में तीनों जिलों के चयनित खिलाड़ियों के बीच मुकाबले आयोजित कराए गए। इसमें सहरसा जिले की टीम चैंपियन बनी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर तीनों जिलों से बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कोसी प्रमंडल की टीम के लिए किया गया।
प्रमंडलीय टीम में सहरसा से कप्तान अंकित यादव के अलावा उज्ज्वल सिंह, सुधांशु कुमार, मो. मिमतुल, यश राज, स्ववीभाष तेजस्वी और आदित्य आनंद शामिल हैं। मधेपुरा से मो. निहाल राज, सैयद रोबाब, अश्वनी राज, केशव कुमार और करण कुमार को टीम में जगह मिली है। वहीं सुपौल से अभिषेक कुमार, अनुपम आनंद और आकाश कुमार झा टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम की रवानगी के अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी कुमारी तौसी, चयन समिति के सदस्य पंकज ठाकुर, कुणाल चौधरी, अमित यादव, शशि भूषण यादव, प्रमोद झा, सनी सिंह, सैयद शमी अहमद और जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा सहित अन्य खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अतिथियों ने टीम को संतुलित और मजबूत बताते हुए उम्मीद जताई कि कोसी प्रमंडल के खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रमंडल का नाम रोशन करेंगे।






