मुंडन संस्कार के लिए देवघर जा रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई, महिला की मौत; 9 घायल

शेखपुरा-सिकंदरा मार्ग पर करंडे थाना क्षेत्र के भिखनी गांव के समीप मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के लिए देवघर जा रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। पांच घायलों का इलाज बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

 

Sponsored Advertisement

मृतका की पहचान वैशाली जिले के गरौल धानी निवासी हरिश्चंद्र चौरसिया की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही करंडे थाना के दारोगा कौशर आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सुनीता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी विम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

जानकारी के अनुसार, बाउघाट थाना क्षेत्र के पानापुर गांव निवासी अंजित चौरसिया अपने पुत्र अनमोल कुमार और पुत्रियों अमृता व प्रीति के मुंडन संस्कार के लिए परिवार के सदस्यों के साथ नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल जियर गांव से देवघर जा रहे थे। कार में कुल 12 लोग सवार थे।

 

बताया जाता है कि चेवाड़ा से करीब चार किलोमीटर आगे भिखनी मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद तेज रफ्तार कार पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए रुक गई। टूटकर बिजली का खंभा भी कार पर गिर पड़ा।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और डायल 112 के साथ बिजली विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

घायलों में मथुरा चौरसिया, अंजित चौरसिया, किरण देवी, डेढ़ वर्षीय अनमोल कुमार, अमृता, प्रीति, नेहा देवी, रेखा देवी और दिलखुश कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। परिवार में मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं।

Related Posts

सहरसा: बलवाहाट में 201 जरूरतमंद महिलाओं के बीच बांटे गए कंबल, पुष्प वर्षा कर किया सम्मानित

सहरसा जिले के बलवाहाट मुख्य बाजार स्थित मां सरस्वती मंदिर परिसर में बुधवार को शिक्षक सह समाजसेवी विक्रम गुप्ता उर्फ बंटी की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया…

बिहटा में फर्नीचर दुकान से 2.80 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; एक सप्ताह बाद भी FIR दर्ज नहीं होने का आरोप

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। विशुनपुरा गांव स्थित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *