
सहरसा जिले के बलवाहाट मुख्य बाजार स्थित मां सरस्वती मंदिर परिसर में बुधवार को शिक्षक सह समाजसेवी विक्रम गुप्ता उर्फ बंटी की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 201 गरीब, जरूरतमंद एवं निःसहाय महिलाओं के बीच कंबल वितरित किए गए। ठंड के मौसम में जरूरतमंद महिलाओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कंबल वितरण से पहले सभी महिलाओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस पहल ने आयोजन को खास बना दिया। पुष्प वर्षा के साथ सम्मान मिलने से महिलाएं काफी प्रसन्न नजर आईं। वहीं, कंबल प्राप्त करने के बाद उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। आयोजकों ने सहायता सामग्री वितरित करने के साथ महिलाओं को सम्मान और अपनापन देने का भी प्रयास किया।
इस अवसर पर शिक्षक सह समाजसेवी विक्रम गुप्ता उर्फ बंटी ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना पुण्य का कार्य है। मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। समाज के सक्षम लोगों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, ताकि अभाव में जीवन गुजार रहे लोगों को मुश्किल समय में राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों के बीच सहायता सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान और अपनापन देना भी है। समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में उनकी भागीदारी जारी रहेगी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिलने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम में ओमप्रकाश गुप्ता, प्रियनंदन गुप्ता, हिमांशु राज, निशांत सिंह, शिवम कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।





