सहरसा जिले के बैजनाथपुर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से संगठनात्मक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिला उपाध्यक्ष एवं किन्नर गुरु पल्लवी यादव द्वारा आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष के.डी. शर्मा ने किया। बैठक में पार्टी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और युवाओं को संगठन से जोड़ने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के सांसद और विधायक कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के दम पर बनते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन की असली ताकत होते हैं। इसलिए संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने बैठक में उपस्थित सैकड़ों लोगों को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई।
वहीं, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सह युवा नेता अमरेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि युवा किसी भी राजनीतिक पार्टी की रीढ़ होते हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संगठन को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी उन्होंने जोर दिया।
बैठक में जिला प्रधान महासचिव संजीव जायसवाल, एससी-एसटी जिलाध्यक्ष दिलीप पासवान, व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नरेश गुप्ता, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनोद मुखिया, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रतन साह और जिला मीडिया प्रभारी नीतीश कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा अरुण यादव, अभिषेक आनंद, मनीष कुमार, बबलू पासवान, फुलेश्वर रजक, सोनी देवी, विजय यादव, राजीव कुमार, मुन्ना सादा, बालेश्वर पासवान, मुसो सादा एवं सुभाष सादा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।





