अक्षय नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत चातर गांव में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पत्रकार अश्वनी कुमार पिंटू की ओर से धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आचार्य अर्जुन बाबा ने आंवले के वृक्ष के नीचे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, कथा व धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता तथा खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा कर धार्मिक मान्यताओं का निर्वहन किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आचार्य अर्जुन बाबा ने अक्षय नवमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू धर्म में इस तिथि का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना, कथा श्रवण और दान-पुण्य करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने की परंपरा भी आरोग्यता, सुख-समृद्धि और पारिवारिक मंगल से जुड़ी हुई है।
कार्यक्रम में बबुरा थानाध्यक्ष संजय कुमार, बड़हरा थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार नीरज कुमार, अमोद कुमार, दीपक कुमार, आलोक भारती, कृष्ण कुमार रंजन और संतोष सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। समाजसेवी राकेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे सामूहिक रूप से बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन ने गांव में धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।






