सहरसा। पटना–पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सिक्स लेन सड़क परियोजना के नए अलाइनमेंट को लेकर किसानों का विरोध तेज होने लगा है। बुधवार को किसान प्रो. अमरेंद्र यादव के नेतृत्व में पूर्व विधायक सह जन सुराज पार्टी के महासचिव किशोर कुमार ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में रौता, इंदरवा, चिकनी, भादा, कबेला, परास, रामपुर और बरसम सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल थे।
इस दौरान एडीएम, डीडीसी, डीसीएलआर और एसडीओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत कर उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के बाद पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि सड़क का पूर्व प्रस्तावित अलाइनमेंट रौता और लगमा के बीच से गुजरना था, लेकिन अब इसमें बदलाव कर चिकनी होते हुए रौता के उत्तर से सड़क निकालने का प्रस्ताव है। नए अलाइनमेंट से कबेला, रौता, इंदरवा और रामपुर के डर्बा सहित आसपास के गांवों के हजारों किसान प्रभावित हो सकते हैं। इससे उनकी उपजाऊ जमीन और आजीविका पर संकट पैदा होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर उनकी जमीन और रोजगार का आधार नहीं छीना जाना चाहिए। केवल मुआवजा देकर किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा देने और न्यूनतम बाजार दर (एमबीआर) की दोबारा जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि प्रस्तावित मुआवजा दर इतनी कम है कि उससे आसपास दूसरी जमीन खरीदना भी संभव नहीं होगा।
किसान प्रो. अमरेंद्र यादव ने बताया कि 14 तारीख की बैठक में जिलाधिकारी के समक्ष समस्याएं रखने का निर्णय लिया गया था। अब 22 तारीख को अगली बैठक प्रस्तावित है। वहीं किसान नेता संतोष कुमार समदर्शी ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कानून, 2013 के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन और प्रभावित किसानों से संवाद एवं सहमति की कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
किशोर कुमार ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं होने पर किसान अपनी जमीन और आजीविका बचाने के लिए आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मौके पर मो. अजहर आलम, लक्ष्मी यादव, मो. आबिद हुसैन, जयनारायण साह, नीतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।






