सासाराम। रोहतास जिले में अब ऑटो, टोटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी नहीं चलेगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऑटो, टोटो और ई-रिक्शा चालकों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। इस अभियान के तहत चालकों से लेकर उनके वाहनों तक की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
इस संबंध में रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बताया कि जिले में चलने वाले सभी ऑटो, टोटो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक चालक की पहचान और उसके वाहन से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी।
पुलिस सत्यापन के दौरान चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, वाहन का रजिस्ट्रेशन, वाहन मालिक का नाम और मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इसका उद्देश्य जिले में संचालित सार्वजनिक परिवहन वाहनों और उनके चालकों का पूरा रिकॉर्ड पुलिस के पास उपलब्ध कराना है।
इस अभियान की खास बात यह होगी कि सत्यापन के बाद तैयार किए गए दस्तावेज की एक प्रति संबंधित ऑटो या टोटो पर चिपकाई जाएगी, जबकि दूसरी प्रति संबंधित थाने में सुरक्षित रखी जाएगी। इससे सड़क पर चलने वाले वाहनों और उनके चालकों की पहचान करना पुलिस के लिए आसान हो जाएगा।
एसपी ने बताया कि इस पहल से किसी भी अप्रिय घटना या आपराधिक वारदात के बाद संबंधित वाहन और चालक की पहचान करने में पुलिस को काफी मदद मिलेगी। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने में भी सहूलियत होगी।
पुलिस की इस पहल को यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जिले में ऑटो, टोटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिक सतर्क रहेगी। इस अभियान से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ने और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगने की उम्मीद है।






